रिविलगंज बाजार में डंपर की चपेट में आने से ठेला चालक की मौत
सारण, 17 जुलाई (हि.स.)। रिविलगंज छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर रिविलगंज बाजार के पास सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक की चपेट में आने से समसूदीनपूर निवासी 60 वर्षीय ठेला चालक हरन राय की मौत हो गई।
रोज की तरह सुबह काम पर निकले हरन राय को छपरा की ओर से आ रहे डंपर ने कुचल दिया, जिससे उनका ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत में छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने डंपर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है, वहीं स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ गहरा आक्रोश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

