ओलावृष्टि से फसल नुकसान को लेकर तारिक अनवर ने सीएम से की मुआवजे की मांग
कटिहार, 26 मार्च (हि.स.)। सीमांचल और कटिहार में ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर सांसद तारिक अनवर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा, फसल बीमा दावों की प्रक्रिया को सरल बनाने और ऋण वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के सामने अब जीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि ओलावृष्टि से गेहूँ, मक्का, दलहन, सब्जियों तथा आम और लीची जैसी फलदार फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही कई स्थानों पर जान-माल की क्षति की भी खबरें सामने आई हैं।
तारिक अनवर ने मुख्यमंत्री से प्रभावित किसानों एवं खेतिहर मजदूरों को तत्काल उचित मुआवजा प्रदान करने, जनहानि के मामलों में पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने, फसल क्षति का शीघ्र सर्वे कर पारदर्शी ढंग से मुआवजा सीधे किसानों के खातों में भेजने, फसल बीमा दावों की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाने, प्रभावित किसानों एवं कृषि मजदूरों के ऋण की वसूली पर तत्काल रोक लगाने और प्रभावित क्षेत्रों में बीज एवं खाद की निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
सांसद का कहना है कि राज्य सरकार इस गंभीर विषय को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए बिना विलंब के राहत एवं पुनर्वास कार्यों की घोषणा करेगी, ताकि कटिहार एवं सीमांचल के किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

