home page

गुरु शांति धाम में 1051 कलशों की पूजा, वैदिक परंपरा के अनुरूप हो रहे अनुष्ठान

 | 
गुरु शांति धाम में 1051 कलशों की पूजा, वैदिक परंपरा के अनुरूप हो रहे अनुष्ठान


दरभंगा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल गुरु शांति धाम में शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर गुरुवार को 1051 कलशों की विशेष पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धापूर्वक की गई। धाम के महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

धाम परिसर में बनाए गए विशेष पूजा मंडप में अखंड दीप निरंतर प्रज्वलित है। यह श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पूजा मंडप में प्रवेश के लिए पारंपरिक नियम निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं को धोती-कुर्ता धारण करने और सिर पर पाग पहनने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से आयोजन में प्राचीन वैदिक परंपरा के साथ मिथिला की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है।

पूजा मंडप में विद्वान पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशती का निरंतर पाठ किया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालु मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना कर रहे हैं। पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हो रही इस विशेष कलश पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन गुरु शांति धाम से 1051 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है। इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के साथ देश के अन्य हिस्सों और पड़ोसी देश नेपाल से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं।

इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने में स्वामी सदानंद सरस्वती, स्वामी दिव्यानंद सरस्वती, शंकर कुमार सहित धाम के अन्य सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra