home page

आत्मनिर्भर महिलाओं की कहानियां बनेंगी प्रेरणा: जीविका की कार्यशाला में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर

 | 
आत्मनिर्भर महिलाओं की कहानियां बनेंगी प्रेरणा: जीविका की कार्यशाला में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर


कटिहार, 28 नवंबर (हि.स.)। सामुदायिक शिकायत प्रबंधन एवं निवारण प्रणाली तथा संचार के विभिन्न अवयवों पर जीविकाजिला कार्यालय के सभागार में एकदिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) में सामुदायिक स्तर से प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा सभी प्रखंडों से आए जीविका कर्मियों को संचार के विभिन्न आयामों से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक सह प्रबंधक (संचार) रुपेश कुमार ने कहा कि प्रभावी संचार, गुणवत्तापूर्ण केस स्टडी, सामुदायिक वीडियो और सोशल मीडिया के समुचित उपयोग से जीविका के कार्यों और ग्रामीण महिलाओं की उपलब्धियों को व्यापक पहचान मिलेगी।

प्रशिक्षण सत्र में प्रेरणादायक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और उनकी सदस्यों की सफलता की कहानियों (केस स्टडी) को व्यवस्थित ढंग से तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार एक साधारण ग्रामीण महिला समूह से जुड़कर बचत, ऋण और आजीविका गतिविधियों के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करती है, ऐसी कहानियों को समाज के सामने लाना जरूरी है ताकि अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो सकें। साथ ही, डिजिटल माध्यम की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए सभी संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) एवं ग्राम संगठनों (वीओ) को सोशल मीडिया से जोड़ने और उनकी गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में सामुदायिक कैडरों और संकुल संघ के प्रतिनिधियों की संचार क्षमता व कौशल विकसित करने के लिए आगे भी प्रशिक्षण आयोजित करने की कार्यनीति तय की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह