home page

नेहरू स्टेडियम में लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य शुभारंभ

 | 
नेहरू स्टेडियम में लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य शुभारंभ


दरभंगा।, 01 मार्च (हि.स.)। नेहरू स्टेडियम में आज ‘मिथिला लोक उत्सव 2025-26’ का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष भाजपा संजय सरावगी, विधान पार्षद हरि सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी एवं जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन के उपरांत सभी अतिथियों ने विभिन्न विभागों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्रदर्शित उत्पादों व कलाकृतियों की सराहना की। स्टॉलों पर मिथिला पेंटिंग, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन तथा पारंपरिक कलाओं की झलक आकर्षण का केंद्र रही।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह उत्सव विगत कई वर्षों से पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक आयोजित होता रहा है। इसका उद्देश्य दरभंगा एवं मिथिला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोक कलाओं, लोक जीवन और पारंपरिक विरासत को विविध माध्यमों से प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा कि यह मंच स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का सशक्त अवसर प्रदान करता है, जिससे उन्हें सम्मान के साथ वैश्विक पहचान भी मिल सके।

महोत्सव के अंतर्गत नौकायन प्रतियोगिता, कबड्डी प्रतियोगिता, मिथिला ग्राम मंच, लोक गाथा प्रस्तुति, पारंपरिक मिथिला भित्ति चित्र प्रतियोगिता तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों के माध्यम से जिला प्रशासन यह संदेश देना चाहता है कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक संदर्भों में संरक्षित एवं संवर्द्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा के विकास एवं सांस्कृतिक उन्नयन पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी से अपनी विरासत को सहेजने का आह्वान किया। मंत्री मदन सहनी ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और मिथिलांचल के गौरवशाली इतिहास पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता तथा विधान पार्षद हरि सहनी ने भी मिथिला की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण पर बल दिया।

जिला प्रशासन ने जिले के सम्मानित नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है। मिथिला लोक उत्सव के अंतर्गत राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं स्थानीय ख्यातिप्राप्त कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जिससे आने वाले दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष छटा देखने को मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra