विश्व साइकिलिंग दिवस पर छपरा में साइकिल रैली का आयोजन
सारण, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम से एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करना था।
रैली का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी और साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्वयं साइकिल चलाकर किया। इस अवसर पर शहर के युवाओं और खेल प्रेमियों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।
जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण तीनों को एक साथ बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजीव चौधरी ने साइकिलिंग को फिटनेस का सुलभ माध्यम बताते हुए जिले में इस खेल को व्यापक स्तर पर विकसित करने का संकल्प जताया।
वहीं आनंद वर्मा ने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ आर्थिक बचत का भी बेहतरीन जरिया है। अंत में साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ देव कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

