home page

सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप, केस दर्ज

 | 

किशनगंज, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रमनिया पोखर के एक शिक्षक पर 12 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगा है।

पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर आरोपित शिक्षक मो. अजमल के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा ने 11 जुलाई को पोठिया थाना में शिकायत दर्ज कराई।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि स्कूल परिसर में शिक्षक मो. अजमल ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। विरोध करने पर शिक्षक ने उसे धमकाते हुए घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की चेतावनी दी। बताया जाता है कि छात्रा हाल ही में अपने पिता के निधन के कारण मानसिक रूप से परेशान थी।

आरोप है कि घटना के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी विद्यालय के अन्य शिक्षकों को भी दी, लेकिन मामले को दबाने का प्रयास किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिशों के कारण शिकायत दर्ज कराने में विलंब हुआ। बाद में छात्रा और उसकी मां ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता के परिजनों ने आरोपी शिक्षक के प्रभावशाली होने का हवाला देते हुए सुरक्षा की भी मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने तत्काल इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी।

घटना के विरोध में छात्रा के परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे तथा आरोपी शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विद्यालय सूत्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापक द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण के जवाब में आरोपी शिक्षक ने लिखित रूप से अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पोठिया थाना में इस संबंध में कांड संख्या 254/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह