home page

ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग पर सरकार ने शुरू की कार्रवाई

 | 
ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग पर सरकार ने शुरू की कार्रवाई


किशनगंज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज और बहादुरगंज को नया अनुमंडल बनाने की वर्षों पुरानी मांग अब सरकारी कार्रवाई के स्तर पर पहुंच गई है।

सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष लगातार उठाए जा रहे इस मुद्दे पर बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सचिवालय ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभाग को मामले की छानबीन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव अभिषेक श्रीवास्तव ने अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को पत्र जारी कर सांसद के ई-मेल से प्राप्त पत्र एवं संबंधित प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

पत्र में सांसद डॉ. जावेद आजाद के 28 सितंबर 2026 के पत्र संख्या 998/केएनई /2026 का भी उल्लेख किया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने निर्देश दिया है कि संबंधित प्रकरण की नियमानुसार जांच और छानबीन कर समुचित निर्णय लिया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई से सांसद को अवगत कराने के अलावा मुख्यमंत्री सचिवालय को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया है। सरकार के स्तर से कार्रवाई शुरू होने के बाद ठाकुरगंज और बहादुरगंज क्षेत्र के लोगों में अनुमंडल गठन की उम्मीद बढ़ी है।

सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने कहा कि ठाकुरगंज और बहादुरगंज को अनुमंडल का दर्जा मिलने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

अनुमंडल बनने से राजस्व, भूमि, विधि-व्यवस्था सहित विभिन्न प्रशासनिक सेवाएं लोगों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक मजबूत और प्रभावी होगी।

सांसद ने कहा कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर वे लगातार केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष मांगें उठा रहे हैं। ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज को अनुमंडल बनाने की मांग भी इसी कड़ी का हिस्सा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिए जाने का स्वागत किया। सांसद ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह