home page

पंचायतों में पहुंची सरकार, सीवान के 38 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर

 | 
पंचायतों में पहुंची सरकार, सीवान के 38 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर


सीवान, 02 जून (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए बिहार सरकार की अभिनव पहल सहयोग शिविर के तहत मंगलवार को सीवान जिले के सभी 19 प्रखंडों की दो-दो पंचायतों सहित कुल 38 पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें और आवेदन प्राप्त किए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री सह सीवान के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता शामिल हुए। उन्होंने लकड़ी नवीगंज प्रखंड के डुमरा, पचरुखी के शंभोपुर तथा बड़हरिया प्रखंड के लकड़ी पंचायत में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया और आम लोगों से संवाद स्थापित किया।

इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। इसी सोच के तहत पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन निर्धारित 30 दिनों की समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत सबका सम्मान, जीवन आसान अभियान को धरातल पर उतारने के लिए सरकार सीधे पंचायतों तक पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

शिविरों में लाभार्थियों को जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत, पंचायती राज और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग समेत कई विभागों की सेवाएं शिविर में उपलब्ध कराई गईं।

मौके पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma