home page

गोवर्धन पूजा पर पशुपालकों ने की गो-पूजा

 | 
गोवर्धन पूजा पर पशुपालकों ने की गो-पूजा


सुपौल, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुपालकों ने गाय, बैल और अन्य मवेशियों को नहलाकर उनकी पूजा-अर्चना की। पशुओं को नए रस्से, डोरी और गर्दनी पहनाकर सजाया गया। पूजा के दौरान ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रामनगर के आचार्य पंडित ज्योतिष झा ने बताया कि दीपावली के दूसरे दिन यानी कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन और गो-पूजा का विशेष महत्व है। इसे पशुपालकों का प्रमुख पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गाय की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। ग्रामीण इलाकों में पशुपालक मवेशियों को परिवार का हिस्सा मानकर उनकी पूजा करते हैं।

पंडित झा ने बताया कि इस दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा का भी विधान है। शिल्पकार और श्रमिक वर्ग के लोग अपने घर, प्रतिष्ठान और कारोबार की उन्नति व समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना करते हैं और दीप जलाते हैं। पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन उत्सवी माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र