home page

गोपाष्टमी पर गौमाता की पूजा-अर्चना, शहर में निकाली गई शोभायात्रा, लोगों ने खिलाया गुड़ और फल

 | 
गोपाष्टमी पर गौमाता की पूजा-अर्चना, शहर में निकाली गई शोभायात्रा, लोगों ने खिलाया गुड़ और फल


सीवान, 17 नवंबर (हि.स.)। शहर के श्री गोपाल कृष्ण गोशाला में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोशाला के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष कुमार गुप्ता ने विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न करायी. इसके बाद गोशाला के पदाधिकारियों, सदस्यों और अधिकारियों ने गौमाता के साथ शहर में भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान जगह-जगह लोगों ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर फल और गुड़ खिलाया.कई लोगों ने गोशाला के लिए चोकर, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री भी दान की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सह गोशाला के अध्यक्ष आशुतोष कुमार गुप्ता ने गौमाता की धार्मिक और आध्यात्मिक महिमा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर गोपाष्टमी के आयोजन में सहभागिता की है। गौसेवा को एक बड़ा उद्देश्य और पुण्य कार्य मानकर लोगों का आगे आना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि वेद, पुराण और शास्त्रों में गौमाता की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। आज व्यस्त जीवन में हर व्यक्ति को सभी धार्मिक ग्रंथों को पढ़ने और समझने का अवसर नहीं मिल पाता। इसलिए इन ग्रंथों में वर्णित गौमाता के महत्व और गौसेवा के पुण्य फल की जानकारी समाज तक पहुंचाना जरूरी है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौमाता की सेवा करने वाले व्यक्ति पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि शास्त्रों में गोदान को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। मान्यता है कि प्रतिदिन भोजन से पहले पहली रोटी गौमाता को खिलाने वाले व्यक्ति को एक हजार गोदान के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। जिस परिवार के लोग दस वर्षों तक गोमाता की सेवा करते हैं, उनकी 21 पीढ़ियों के उद्धार की मान्यता है।

इसी प्रकार गोमाता के दर्शन से समस्त देवताओं के पूजन का फल प्राप्त होने की बात भी धार्मिक ग्रंथों में कही गई है। आशुतोष कुमार गुप्ता ने राजा दिलीप, गुरु वशिष्ठ, नंद बाबा और भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गोसेवा की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। राजा दिलीप ने गुरु वशिष्ठ के मार्गदर्शन में गोसेवा की थी। वहीं, नंद बाबा के पास बड़ी संख्या में गायें थीं और उनके घर भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। उन्होंने कहा कि इन पौराणिक प्रसंगों से गोसेवा की महत्ता का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि गोशाला में मंत्र जाप करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। नंदी दान, गोदान और गोमाता के लिए भूमि दान को भी शास्त्रों में पुण्य कार्य माना गया है। उन्होंने लोगों को गोसेवा के विभिन्न धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि गोमाता की सेवा किसी फल की कामना से नहीं, बल्कि निस्वार्थ भाव और श्रद्धा के साथ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा भारतीय संस्कृति, परंपरा और हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का अभिन्न हिस्सा है।

इस अवसर पर नगर परिषद की उपसभापति किरण गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, सचिव सुरेंद्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, शंकर प्रसाद गुप्ता, शंकर पंसारी, ज्ञान प्रकाश, डॉ राजा प्रसाद, देवेंद्र गुप्ता, कौशलेंद्र प्रताप, देवेंद्र गुप्ता, पूर्व पार्षद सोनी गुप्ता, आशा रंजन, पंकज कुमार गुप्ता, सुशील झुनझुनवाला, अशोक कुमार गुप्ता आदि उपस्थित हुए. अंत में गोशाला में निर्मित महाप्रसाद खीर का वितरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma