नाथनगर की होनहार बेटी और बिहार पुलिस की सिपाही रेशम कुमारी को नम आँखों से दी गई अंतिम विदाई
भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। समस्तीपुर में तैनात बिहार पुलिस की 23 वर्षीय महिला सिपाही रेशम कुमारी का पार्थिव शरीर देर रात नाथनगर स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुँचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। घर की होनहार बेटी का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और माहौल गमगीन हो उठा। सभी परिजनों और रिश्तेदारों के पहुँचने के बाद मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। नाथनगर की इस बेटी को अंतिम विदाई देने के लिए स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मोहल्ले के हर व्यक्ति की आँखें नम थीं और लोगों ने भारी मन से अपनी लाडली बेटी को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार, इलाज के दौरान रेशम कुमारी का निधन हो गया था, जिसकी दुखद सूचना रविवार देर रात परिजन को मिली थी। मृतका के चाचा अजय पासवान ने बताया कि दो-तीन दिन पूर्व रेशम की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहाँ वह अचेत हो गईं। डॉक्टरों द्वारा 72 घंटे तक सघन निगरानी में रखे जाने के बावजूद उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें एम्स ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
रेशम कुमारी नाथनगर के तुलसी मिश्रा लेन निवासी अशोक पासवान की बड़ी पुत्री थीं। उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2025 में ही रेशम का चयन बिहार पुलिस में सिपाही पद पर हुआ था, जिससे पूरे परिवार को बेहतर भविष्य की बड़ी उम्मीदें थीं। दो भाई-बहनों में सबसे बड़ी रेशम ही परिवार का मुख्य संबल थीं। उनका छोटा भाई दसवीं कक्षा का छात्र है और इस वर्ष मैट्रिक की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाला है। घर की सबसे जिम्मेदार बेटी के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

