home page

जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा, नगर आयुक्त ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

 | 
जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा, नगर आयुक्त ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश


कटिहार, 28 सितंबर (हि.स.)। कटिहार आयोजना क्षेत्र के सुनियोजित और समग्र विकास के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के कार्यों की प्रगति को लेकर सोमवार को नगर निगम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त संतोष कुमार के कक्ष में आयोजित इस बैठक में मास्टर प्लान तैयार कर रही एजेंसी के साथ अब तक किए गए सर्वेक्षण और तकनीकी कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।

बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग (यूडीएचडी), बिहार सरकार द्वारा चयनित एजेंसी 'एक्सेल जियोमैटिक्स प्राइवेट लिमिटेड' के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के तहत जारी सर्वेक्षण, डेटा संकलन (आंकड़ों के संग्रह), मैपिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की चरणबद्ध समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने एजेंसी के प्रतिनिधियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि मास्टर प्लान को पूरी तरह व्यावहारिक और व्यवस्थित रूप दिया जाए, ताकि भविष्य में कटिहार आयोजना क्षेत्र का विस्तार और बुनियादी ढांचा एक सुव्यवस्थित और आधुनिक खाके के तहत विकसित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह