home page

घनश्यामपुर थाना का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

 | 
घनश्यामपुर थाना का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश


दरभंगा, 20 अगस्त (हि.स.)।

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने गुरुवार को घनश्यामपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। इनमें दागी पंजी, अपराध पंजी, जेल से मुक्त अपराधियों की पंजी, केस डिस्पोजल पंजी, दैनिकी पंजी, ओडी पंजी, गुंडा पंजी, अपराध अनुसंधान पंजी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी एवं पीसी रजिस्टर सहित अन्य पंजियां शामिल थीं।

निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों एवं पुलिस कार्यों में अपेक्षित अद्यतन नहीं पाए जाने पर दो पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। ASI राजेश कुमार सिंह को NBW वारंटी के निष्पादन में 14 दिनों से अधिक विलंब रखने के कारण एक निंदन की सजा दी गई। वहीं SI प्रशांत कुमार, पीसी प्रभारी को पीसी रजिस्टर अद्यतन नहीं रखने के कारण एक निंदन की सजा दी गई।

एसएसपी ने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कांडों में अविलंब गिरफ्तारी की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पीसी की समीक्षा के दौरान समन, बीडब्ल्यू, एनबीडब्ल्यू, इश्तिहार एवं कुर्की से संबंधित पंजियों की जांच की गई। लंबित समन, बीडब्ल्यू एवं एनबीडब्ल्यू का प्राप्ति के 15 दिनों के अंदर तामिला सुनिश्चित करने तथा इश्तिहार एवं कुर्की का तीन दिनों के अंदर तामिला कराने का निर्देश दिया गया।

थाना परिसर में साफ-सफाई एवं सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। हाजत की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी अनुसंधानकर्ताओं को डेली रिपोर्ट तैयार करने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए कांड दैनिकी को नियमित रूप से अद्यतन रखने के लिए निर्देशित किया गया।

एसएसपी ने क्षेत्र में नशे के कारोबार एवं नशेड़ियों के विरुद्ध नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास नियमित गश्ती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि असामाजिक तत्वों और नशे से जुड़े गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट किया कि लंबित कांडों के निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता, वारंटों के तामिला और विधि-व्यवस्था के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra