विकसित भारत के निर्माण में जुटे कटिहार के युवा, नशा मुक्ति अभियान के तहत 15 हजार से अधिक युवाओं ने ली शपथ
कटिहार, 02 अगस्त (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 'माई भारत' कटिहार द्वारा रविवार को 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' अभियान के तहत एक विशाल जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रव्यापी अभियान 'नशे की लत के खिलाफ जनरेशन जेड' के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी और जिले के विभिन्न प्रखंडों व शैक्षणिक संस्थानों में कुल 15,000 से अधिक युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली।
कोलासी नवोदय विद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में 500 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही 'विकसित भारत' की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देकर कटिहार को नशामुक्त बनाया जा सकता है।
माई भारत कटिहार के जिला युवा अधिकारी नीरज झा के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन के दौरान उप विकास आयुक्त अमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता नैमिष कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चौधरी सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम कटिहार को एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त जिला बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

