home page

गयाजी के खिजरसराय में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियमः  मुख्यमंत्री

 | 
गयाजी के खिजरसराय में बनेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियमः  मुख्यमंत्री


पटना, 15 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से सोमवार को गयाजी जिला स्थित खिजरसराय में प्रौद्योगिकी केंद्र, गयाजी का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान गयाजी-इस्लामपुर-खिजरसराय पथ के 20वें किमी से टेक्नोलॉजी सेंटर (देवगांव) तक पथ का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खिजरसराय में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम खोलने के लिए 40 एकड़ जमीन राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि हमें 14 करोड़ बिहारियों की जिम्मेवारी मिली है। बिहारी देश में विभिन्न पदों पर तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहे हैं। हम बिहार में ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि बिहारी लौटकर बिहार आएंगे और बिहार को सुंदर एवं समृद्ध बनाने में अपना योगदान देंगे। 170 करोड़ रुपये लागत की प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया गया है। इसके बगल में सड़क, स्टेडियम बनाया जाएगा। आप सब यहां आए हैं, आप सभी को धन्यवाद देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से किसी प्रकार समझौता नहीं होगा। हमने पुलिस को कह दिया है कि जो अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा उसे 48 घंटे के अंदर जवाब दें। अपराधियों का गयाजी में पिंड दान होगा या जेल में रहेंगे। ढेर सारे अपराधी बिहार छोड़कर चले गए हैं जो बचे हुए हैं उनका पता बताइए, उनपर तुरंत कार्रवाई होगी। भ्रष्टाचार से लड़ना है, न खाना है न किसी को खाने देना है। जब सभी लोग मिलकर काम करेंगे तो बिहार समृद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सहयोग शिविर का आयोजन है। हमने व्यवस्था कर दी है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देते हैं तो 10 दिन में समाधान नहीं होता है तो 11वें दिन संबद्ध पदाधिकारी को पहला नोटिस जाएगा। 20 दिन में नहीं करते हैं तो 21वें दिन दूसरा नोटिस जाएगा, 25 दिन में नहीं होता है तो 26वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30 दिन में आवेदन का निष्पादन नहीं करेगा तो 31वें दिन निलंबन का नोटिस जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार समृद्ध होगा तो लोगों के बीच खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि हमने व्यवस्था कर दी है कि सभी सामाजिक पेंशनधारियों को हर महीने की 10 तारीख को उनके खाते में पेंशन की राशि चली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। इन स्कूलों में ऐसी शिक्षा की गुणवत्ता होगी कि नेता और अफसर के बच्चे भी इसमें पढ़ेंगे। उस दिन मेरा सपना पूरा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को खिजरसराय और अतरी को मुख्यधारा में लाने के लिए धन्यवाद देते हैं। हम भगवान श्रीराम के वंशज लव-कुश हैं। माता सीता के श्राप से फल्गू नदी को मुक्त कराएंगे। इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौता से प्राप्त पानी को हर हालत में फल्गू नदी में लाने का काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले एमएसएमई मंत्रालय को लोग ठीक से जानते भी नहीं थे, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान इस विभाग में काफी काम हुये हैं। जीतन राम मांझी ने भी इस

विभाग के मंत्री रहते हुए काफी कार्य किए हैं। बिहार में वर्ष 2022 में एमएसएमई की संख्या 6 लाख ही थी जो अब बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गयी है। इसमें 1 करोड़ 87 लाख लोगों को सीधा रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बदल रहा है। राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिजली, सड़क, हर घर नल का जल सहित कई क्षेत्रों में विकास के कार्य किए। जीविका दीदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि कल ही हमने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की है जिससे गरीब भाई-बहनों को काफी फायदा होगा और इससे सोलरयुक्त बिजली को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त