home page

मनाई गई गौतम बुद्ध की जयंती

 | 
मनाई गई गौतम बुद्ध की जयंती


भागलपुर, 01 मई (हि.स.)। आनन्दराम ढांढनियाँ सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को गौतम बुद्ध की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमंत कुमार, भावना पाण्डेय, सुजाता पांडेय, भीष्म मोहन झा एवं भैया-बहनों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भैया-बहनों एवं आचार्य/दीदी जी ने भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम के अंतर्गत भैया-बहनों द्वारा बुद्ध की जीवनी पर आधारित भाषण, कविता, गीत एवं प्रेरक प्रसंगों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी को अत्यंत प्रभावित किया। विशेष रूप से भैया तेजस प्रताप द्वारा प्रस्तुत पेंटिंग्स अत्यंत आकर्षक एवं प्रशंसनीय रहीं, जिसके लिए उन्हें प्रधानाचार्य जी द्वारा सम्मानित भी किया गया।

अपने उद्बोधन में प्रधानाचार्य सुमंत कुमार ने कहा कि गौतम बुद्ध के जीवन और उनके उपदेश आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सत्य, अहिंसा, करुणा एवं मध्यम मार्ग का संदेश देकर समाज को एक नई दिशा प्रदान की। उन्होंने भैया-बहनों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए, जिससे हम एक श्रेष्ठ व्यक्ति एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी आचार्य/दीदी जी एवं भैया-बहनों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत सराहनीय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर