home page

कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ

 | 
कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ


कटिहार, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें फैल रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कटिहार में गैस की स्थिति सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) सुशील कुमार ने बताया है कि 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 22840 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और कल 5632 सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। आज 10344 सिलेंडर और आने वाले हैं। सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 900 व्यवसायिक गैस सिलेंडर भी उपलब्ध हैं।

सुशील कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिले के तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की जा रही हैं ताकि गैस आपूर्ति सुचारू रहे। उन्होंने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक, विशेष शाखा, पटना के निर्देश पर 16 धावा दलों का गठन किया गया है जो गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रख रही है।

अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य रखने की अपील करते हुए जिला प्रशासन ने कहा है कि गैस वितरण प्रणाली को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरतमंद संस्थानों जैसे स्कूलों और अस्पतालों को निर्वाध आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।

डीएसओ ने आमजन से अनुरोध किया कि गैस से सम्बंधित समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 239026 जारी किए गए हैं।

इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह