कटिहार में 13028 गैस सिलेंडर उपलब्ध, कालाबाजारी रोकने को 16 धावा दल गठित
कटिहार, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर गैस-पेट्रोलियम की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कुमार किंचित ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।
जिले में 13028 घरेलू सिलेंडर उपलब्ध
डीएसओ ने बताया कि कटिहार के तीनों अनुमंडलों में कुल 54 गैस एजेंसियों के पास आज 13028 घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। कटिहार अनुमंडल में 31, बारसोई में 18 और मनिहारी में 5 एजेंसियां संचालित हैं। 11 अप्रैल को 6028 बुकिंग के विरुद्ध 6860 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। आज 7202 घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति की जा सकेगी। व्यवसायिक सिलेंडर 854 उपलब्ध हैं।
कालाबाजारी रोकने को सख्ती
प्रशासन ने बताया कि गैस की जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध बिक्री रोकने के लिए 16 धावा दल गठित किए गए हैं। ये दल 561 स्थानों पर होटल व एजेंसियों की लगातार जांच कर रहे हैं। अब तक 5 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। केंद्र से लेकर प्रखंड स्तर तक आपूर्ति की गहन निगरानी हो रही है।
13 मार्च से हो रही समीक्षा बैठक
डीएम की अध्यक्षता में 13 मार्च से एचपीसीएल , बीपीसीएल और आईओसीएल के सेल्स मैनेजर के साथ लगातार समीक्षा बैठक हो रही है। कंपनियों को पर्याप्त आपूर्ति का निर्देश दिया गया है। शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे जरूरी संस्थानों को निर्बाध आपूर्ति के आदेश हैं।
हेल्पलाइन जारी, 914 में 904 शिकायतें निपटाई
कंट्रोल रूम में अब तक मिली 914 शिकायतों में 904 का निपटारा हो चुका है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 239026 जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, धैर्य रखें और एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

