home page

गढ़ बरूआरी स्टेशन पर रेल सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
गढ़ बरूआरी स्टेशन पर रेल सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन


सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर लंबित रेल सुविधाओं की मांग को लेकर रविवार को युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन के बाद रेल अधीक्षक के माध्यम से रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम भी किया जाएगा।

युवा कांग्रेस का कहना है कि वर्षों से सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई बार मांग उठाने के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ज्ञापन में पुरवइया एक्सप्रेस का संचालन सहरसा के बजाय ललितग्राम से स्थायी रूप से शुरू करने, वैशाली एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने, यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का शीघ्र निर्माण, ललितग्राम से पटना के बीच नई रात्रिकालीन ट्रेन चलाने तथा जोगबनी एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई है।

प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि इन मांगों को लेकर पूर्व में दो बार मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मिलकर ज्ञापन सौंपा जा चुका है। उस समय सकारात्मक आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन की उदासीनता के कारण क्षेत्र के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अगला चरण महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का होगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर रेल मंत्री तक मामला पहुंचाया जाएगा और अंतिम चरण में रेल चक्का जाम कर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में मनोज कुमार, राजू कुमार, ललित, मंगल, संतोष कुमार, अजीत कुमार झा, दीपक कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र