home page

भारतीय सीमा में पहुंचने से पहले ही नेपाल पुलिस ने 2566 किलो से अधिक गांजा किया जब्त

 | 
भारतीय सीमा में पहुंचने से पहले ही नेपाल पुलिस ने 2566 किलो से अधिक गांजा किया जब्त


अररिया 05 अक्टूबर(हि.स.)। नेपाल से बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी की जा रही है।बॉर्डर के दोनों ओर गांजा तस्करी को लेकर तस्करों का कई संगठित गिरोह काम कर रहा है।इसी कड़ी में नेपाल से तस्करी कर भारत के सीमा तक लाने के लिए जमा किए जाने वाले एक ट्रक गांजा को नेपाल की सुनसरी जिला पुलिस ने सीमा पार पकड़ा।

सुनसरी पुलिस ने इनरुवा उप-महानगरपालिका-3 के सखुवागाछी चौक से 2,566 किलो 560 ग्राम गांजा के साथ उसे ले जा रहे ट्रक को जब्त किया।

जिला पुलिस कार्यालय, सुनसरी के अनुसार, सखुवागाछी अस्थायी पुलिस चौकी और इटहरी ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के कर्मियों की संयुक्त पुलिस टीम ने सखुवागाछी चौक पर बीती मध्य रात्रि 11:50 बजे पूर्व से पश्चिम की ओर जा रहे एक ट्रक की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे रोका और जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक के अंदर 83 सीलबंद बोरियां पाईं, जिनमें गांजे जैसा पदार्थ था। बोरियां खोलकर जांच करने पर बड़ी मात्रा में गांजा मिला, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत पदार्थ और ट्रक को जब्त कर लिया।

पुलिस ने पुष्टि की कि जब्त गांजे का वजन 2,566 किलो 560 ग्राम है। गांजे की तस्करी में संलिप्त होने के संदेह में ट्रक के चालक और सह-चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।जिन्होंने पूछताछ में जब्त गांजा को भारतीय सीमा क्षेत्र के इलाके तक पहुंचाने की बात सुनसरी पुलिस को बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर