home page

डुमराँव में अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

 | 
डुमराँव में अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार


बक्सर, 31 मार्च (हि.स.)। डुमराँव क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल बाजार रोड स्थित शक्ति द्वार निवासी छोटे तुरहा अपने घर में गांजा छिपाकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छोटे तुरहा के घर से कुल 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मौके पर छोटे तुरहा के अलावा दो अन्य व्यक्ति—भीम कुमार और सत्येन्द्र कुमार—भी मौजूद पाए गए। पूछताछ में सत्येन्द्र कुमार ने स्वीकार किया कि वह पहले भी अपने भाई के साथ मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल रहा है और फिलहाल पुलिस से बचते हुए इस अवैध धंधे को जारी रखे हुए था। इसकी जानकारी डीएसपी डुमरांव ने प्रेस वार्ता में दिया

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से एक सफेद रंग की कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग इस कारोबार में किया जा रहा था। इस मामले में डुमराँव थाना में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा