home page

गंगा के जलस्तर में गिरावट, खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे पहुंची नदी

 | 
गंगा के जलस्तर में गिरावट, खतरे के निशान से 6 सेमी नीचे पहुंची नदी


भागलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के लोगों के लिए बाढ़ के संकट के बीच एक राहत की बड़ी खबर है। गंगा नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से 6 सेंटीमीटर नीचे उतर आया है।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, भागलपुर में वर्तमान में गंगा का जलस्तर 33.62 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहाँ खतरे का निशान 33.68 मीटर निर्धारित है। पिछले 48 घंटों के भीतर नदी के पानी में कुल 8 सेंटीमीटर की कमी आई है। जलस्तर में हो रही इस लगातार गिरावट से जिले के बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में स्थिति सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है। भागलपुर के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलों को भी राहत मिल रही है।

पटना और हाथीदह में भी गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी है, जिससे तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, प्रशासन अभी भी पूरी तरह अलर्ट पर है और कटाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर