चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर होगा गंगा महाआरती का आयोजन
सारण, 28 जून (हि.स.)। डोरीगंज जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर चिरांद विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 19वें गंगा महाआरती सह गंगा गरिमा रक्षा समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।
इस कार्यक्रम को लेकर घाटों की विशेष सजावट की जा रही है, जहाँ महाआरती, दीपों की श्रृंखला और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से आम जनमानस को गंगा की निर्मलता और अविरलता का संदेश दिया जाएगा।
चिरांद विकास परिषद के अध्यक्ष कृष्ण कांत ओझा ने बताया कि चिरांद विकास परिषद पिछले 19 वर्षों से लगातार इस आयोजन के माध्यम से लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करता आ रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से कहीं अधिक आकर्षक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समारोह को लेकर आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने ने घाट परिसर की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने के प्रबंध तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
आयोजन समिति ने बताया कि इस बार की गंगा महाआरती में काशी और हरिद्वार की तर्ज पर विशेष आरती और वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को अनूठी आध्यात्मिक अनुभूति होगी।
इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से गंगा समग्र के प्रांत संगठन मंत्री जय किशोर पाठक, चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रामदयाल शर्मा और राजेश पांडे उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

