home page

प्रदूषण की मार से कराहती जीवनदायिनी गंगा: संकट में राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन और जैव-विविधता

 | 
प्रदूषण की मार से कराहती जीवनदायिनी गंगा: संकट में राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन और जैव-विविधता


भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। पवित्र और जीवनदायिनी मानी जाने वाली गंगा नदी जिले में इन दिनों बढ़ते प्रदूषण और मानवीय हस्तक्षेप के कारण गंभीर पारिस्थितिक संकट से जूझ रही है। सुल्तानगंज से कहलगांव तक फैला देश का एकमात्र 'विक्रमशिला गांगेय डॉल्फिन अभयारण्य' भले ही संरक्षण प्रयासों के चलते डॉल्फिनों की संख्या में सुधार का गवाह बना हो, लेकिन नदी के पानी की गिरती गुणवत्ता ने जलीय जीवों के अस्तित्व पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं।

नमामि गंगे परियोजना और विभिन्न जागरूकता अभियानों के बावजूद, जिले के शहरी घाटों और औद्योगिक क्षेत्रों के पास गंगा का जल तेजी से प्रदूषित हो रहा है। नदी के पानी में बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड का स्तर बढ़ रहा है और घुलित ऑक्सीजन में कमी आ रही है। मानसून के बाद जलस्तर घटने पर नदी के किनारे जमा गाद और गंदगी की स्थिति और भी भयावह हो जाती है।

उल्लेखनीय है कि शहर के दर्जनों छोटे-बड़े नालों का गंदा पानी बिना पूरी तरह ट्रीट किए सीधे गंगा में गिराया जा रहा है। इसके अलावा घाटों पर प्लास्टिक, पूजा सामग्री और ठोस कचरे का अंबार लग रहा है। नदी के तटवर्ती इलाकों में खेती में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का बहकर नदी में मिलना पानी को जहरीला बना रहा है। नदी के किनारों पर हो रहे अवैध बालू खनन से नदी की प्राकृतिक गहराई और संरचना बिगड़ रही है। नदी में मोटर चालित नावों और बड़े मालवाहक जहाजों की बढ़ती आवाजाही से तेल रिसाव के साथ-साथ पानी के भीतर भारी ध्वनि प्रदूषण पैदा हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि जिले के सुल्तानगंज से कहलगांव-मनिहारी के बीच करीब 200 से 215 गांगेय डॉल्फिन पाई जाती हैं, जो नदी की सेहत का सबसे बड़ा पैमाना हैं। प्रदूषण और मानवीय दखल का इन पर सीधा असर पड़ रहा है। गांगेय डॉल्फिन जन्म से दृष्टिहीन होती हैं और शिकार तथा रास्ता खोजने के लिए ध्वनि तरंगों पर निर्भर रहती हैं। जहाजों के शोर और बालू खनन की मशीनों की आवाज से उनकी यह प्राकृतिक क्षमता बाधित हो रही है।

प्रदूषण के कारण देशी मछलियों की प्रजातियों और संख्या में भारी गिरावट आई है, जिससे डॉल्फिन के लिए भोजन का संकट पैदा हो गया है। साथ ही, मछलियों के शरीर में जमा भारी धातुएं और रसायन खाद्य श्रृंखला के जरिए डॉल्फिन और कछुओं के शरीर में पहुंचकर उनकी प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर रहे हैं। केवल डॉल्फिन ही नहीं, बल्कि गंगा में पाए जाने वाले दुर्लभ सॉफ्टशेल कछुए, घड़ियाल और हिल्सा व रोहू जैसी देशी मछलियों के प्रजनन स्थल (ब्रीडिंग ग्राउंड) भी गाद और प्रदूषण के कारण नष्ट हो रहे हैं। पर्यावरण और जलीय जीव विशेषज्ञों का मानना है कि केवल संख्या बढ़ना संतोषजनक नहीं है, बल्कि उनके आवास को सुरक्षित रखना सबसे बड़ी चुनौती है। उनका कहना है कि गंगा डॉल्फिन पारिस्थितिकी तंत्र के शीर्ष पर हैं। यदि नदी का पानी साफ और प्रवाहमान रहेगा, तभी डॉल्फिन सुरक्षित रहेंगी। शहरी नालों का सीधे नदी में गिरना, प्लास्टिक कचरा और मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले महीन जाल इनके अस्तित्व के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। यदि समय रहते सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता का पूर्ण उपयोग नहीं हुआ, तो जलीय जैव-विविधता को अपूरणीय क्षति होगी। विशेषज्ञों और पर्यावरणविदों ने प्रशासन से मांग की है कि अभयारण्य क्षेत्र में अवैध खनन और प्रतिबंधित जालों के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को पूरी क्षमता से चलाया जाए और स्थानीय मछुआरों व नागरिकों को नदी की स्वच्छता से जोड़ा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर