home page

मनिहारी गंगा घाट रिवर फ्रंट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण में लाएं तेजी: मुख्य सचिव

 | 
मनिहारी गंगा घाट रिवर फ्रंट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण में लाएं तेजी: मुख्य सचिव


कटिहार, 03 जुलाई (हि.स.)। बिहार राज्य गंगा समिति की सातवीं महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार सुबह राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं और जिला गंगा समितियों की मासिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कटिहार जिले की ओर से जिलाधिकारी के नेतृत्व में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक और डीपीओ (नमामि गंगे) सहित जिला गंगा समिति से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

समीक्षा बैठक के दौरान कटिहार जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण 'मनिहारी गंगा घाट रिवर फ्रंट विकास परियोजना' तथा कटिहार नगर क्षेत्र में 'इंटरसेप्शन एंड डाइवर्जन' और 'सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट' परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही किसी भी प्रकार की बाधाओं को तत्काल दूर करते हुए कार्यों की गति तेज करने का निर्देश दिया।

बैठक में गंगा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति का भी गहन जायजा लिया गया। इस दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग (पटना), बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन एवं पर्यावरण विभाग, तथा खान एवं भूतत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज की।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर काम करें। परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नमामि गंगे अभियान के तहत चल रहे सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरे होने चाहिए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि गंगा नदी की अविरलता, स्वच्छता और संरक्षण के महत्वपूर्ण लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह