home page

गंगा के कटाव से अलालपुर और शंकरपुर में तबाही, 14 नंबर सड़क तक पहुंचा कटाव का खतरा

 | 
गंगा के कटाव से अलालपुर और शंकरपुर में तबाही, 14 नंबर सड़क तक पहुंचा कटाव का खतरा


भागलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर और शंकरपुर में गंगा नदी के भीषण कटाव से हालात बेहद भयावह हो गए हैं।

नदी की मुख्य धारा में हो रही ‘अंडर माइनिंग’ और तेज कटाव के कारण इलाके का भूगोल तेजी से बदल रहा है। अब तक एक दर्जन से अधिक पक्के मकान और झोपड़ियां गंगा में विलीन हो चुकी हैं, जबकि करीब 43 अन्य घरों पर कटने का सीधा खतरा मंडरा रहा है। कटाव का दायरा अब क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली 14 नंबर सड़क के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क भंग होने का संकट गहरा गया है।

स्थानीय सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कटाव की तीव्रता इतनी अधिक है कि बिशु बाबा स्थान के समीप 120 फीट की गहराई तक जबकि अन्य हिस्सों में 40 से 45 फीट की गहराई तक जमीन धंस रही है। इलाके की सुरक्षा के लिए बने मार्जिनल बांध का करीब 400 मीटर हिस्सा और 125 साल पुराने रेलवे तटबंध का 300 मीटर से अधिक भाग क्षतिग्रस्त होकर नदी में समा चुका है। इसके अलावा, रेलवे लाइन के समीप स्थित प्राचीन चैती दुर्गा मंदिर और बजरंगबली मंदिर भी गंगा की तेज धारा में विलीन हो गए हैं।

सुरक्षा तटबंधों के टूटने से बाढ़ और कटाव का पानी तेजी से आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। कटाव के मुहाने पर खड़े कई मकान नदी की ओर झुक चुके हैं, जिन्हें ग्रामीण स्वयं तोड़कर ईंट और सामान बचाने को विवश हैं। प्रभावित परिवार अपने आशियाने उजड़ता देख सामान समेटकर सुरक्षित और ऊंचे ठिकानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष होने वाले इस कटाव और जमीन की अस्थिरता के कारण वे न तो स्थायी रूप से पक्का मकान बना पा रहे हैं और न ही क्षेत्र में कोई बड़ा विकास कार्य टिक पा रहा है। घर उजड़ने के साथ-साथ ग्रामीणों के सामने खेती और गृहस्थी के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने का भी गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कटाव की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गंगा की धारा में लगातार हो रहे परिवर्तन के कारण कटाव की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन द्वारा माइकिंग के जरिए जोखिम वाले क्षेत्रों को खाली करने और ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

दूसरी ओर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निवासियों ने सरकार से हर साल किए जाने वाले अस्थायी बचाव कार्यों के बजाय कटाव रोकने के लिए ठोस व स्थायी समाधान करने तथा विस्थापित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर