गांधी मैदान छठ घाट पर सैंड आर्ट बनी आकर्षण का केंद्र
सुपौल, 16 नवंबर (हि.स.)। भास्कर महोत्सव के तहत छठ महापर्व के अवसर पर सुपौल गांधी मैदान स्थित छठ घाट पर बनाई गई आकर्षक सैंड आर्ट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
आर्टिस्ट बलवंत कुमार के निर्देशन में स्थानीय बाल कलाकार प्रिंस कुमार और अनुप्रिया ने रेत पर छठ महापर्व की मनमोहक कलाकृति उकेरी।
गांधी मैदान छठ घाट पर पहली बार सैंड आर्ट के माध्यम से छठ पर्व की कलाकृति तैयार की गई थी। सांध्य अर्घ्य से लेकर अगले दिन सुबह तक यह कलाकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। घाट पर पहुंचे लोगों ने कलाकारों की इस रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल ने कहा कि सैंड आर्ट कला की एक महत्वपूर्ण विधा है। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण उत्सवों एवं महोत्सवों में भी सैंड आर्ट का प्रदर्शन कराया जाएगा।
इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। साथ ही कला के माध्यम से उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

