श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत
सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बधैली के पास सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रघुनाथपुर में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर पोथीया गोविंदपुर लौट रहा था। इसी दौरान बधैली के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान पोथीया गोविंदपुर पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी उपेंद्र मंडल के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। टक्कर के बाद दिलखुश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस से त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
इधर, दिलखुश की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

