सारण के राजेंद्र स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न
सारण, 13 अगस्त (हि.स.)। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य समारोह स्थल राजेंद्र स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की उपस्थिति में परेड, ध्वजारोहण, मंच व्यवस्था और विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। भीषण गर्मी के मद्देनजर समारोह स्थल पर पर्याप्त शेड लगाने, परेड ग्राउंड को समतल करने तथा अनावश्यक बालू हटाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और जिला प्रशासन इसे गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तत्पर है। रिहर्सल के दौरान पुलिस पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी व परेड दल उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

