home page

महिला हेल्पलाइन से लेकर सरकारी योजनाओं तक, सखी वार्ता में मिली अहम जानकारी

 | 
महिला हेल्पलाइन से लेकर सरकारी योजनाओं तक, सखी वार्ता में मिली अहम जानकारी


किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास निगम के तहत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन तथा वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पोठिया प्रखंड में सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों, स्थानीय ग्रामीणों तथा बड़ी संख्या में सेविका दीदियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिन पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, जेंडर आधारित हिंसा, बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम तथा लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार का भेदभाव, हिंसा अथवा उत्पीड़न कानूनन अपराध है और इसके विरुद्ध कानूनी सहायता उपलब्ध है।

यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर विशेष जानकारी देते हुए बताया गया कि गलत स्पर्श, अभद्र टिप्पणी, पीछा करना, मानसिक प्रताड़ना तथा सोशल मीडिया या मोबाइल के माध्यम से किया जाने वाला ऑनलाइन उत्पीड़न भी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। महिलाओं और बालिकाओं को बिना किसी भय के शिकायत दर्ज कराने तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पोश एक्ट और पोस्को एक्ट के प्रमुख प्रावधानों की भी सरल भाषा में जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और बेरोजगारी भत्ता योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पोठिया तथा महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह