home page

सदर अस्पताल में 25 गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क अल्ट्रासाउंड, एक हजार रुपये तक की बचत

 | 
सदर अस्पताल में 25 गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क अल्ट्रासाउंड, एक हजार रुपये तक की बचत


किशनगंज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किशनगंज सदर अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 25 गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क अल्ट्रासाउंड किया गया।

महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन ने महिलाओं की जांच की। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिली है।

निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने में लगने वाले करीब एक हजार रुपये की बचत होने से महिलाओं को आर्थिक सहारा मिला। गर्भावस्था के दौरान दवाओं, पौष्टिक आहार और अन्य जरूरी जांचों पर परिवारों का खर्च बढ़ जाता है। ऐसे में सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की निःशुल्क सुविधा मिलने से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक परेशानी से राहत मिलती है।

शुक्रवार को अस्पताल में जांच कराने पहुंची एक महिला ने बताया कि बाहर अल्ट्रासाउंड कराने में करीब एक हजार रुपये खर्च होते हैं, जो गरीब परिवारों के लिए जुटाना मुश्किल होता है। सरकारी अस्पताल में निःशुल्क जांच होने से उन्हें काफी राहत मिली।

जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशानुसार जिले में गर्भवती महिलाओं को नियमित प्रसव पूर्व जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। अल्ट्रासाउंड से चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार गर्भस्थ शिशु की वृद्धि और स्थिति का आकलन करने में मदद मिलती है। वहीं, उच्च जोखिम वाले गर्भधारण की पहचान होने पर समय रहते अतिरिक्त जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की व्यवस्था की जा सकती है।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक महीने की 9 और 21 तारीख को गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच पर विशेष ध्यान दिया जाता है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान कर मां और नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमित जांच, आवश्यक उपचार और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता सुरक्षित मातृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह