home page

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी समाज के जय तुलसी होमियो सेवा केंद्र में डॉ कुमारी पूजा ने किया योगदान

 | 
श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी समाज के जय तुलसी होमियो सेवा केंद्र में डॉ कुमारी पूजा ने किया योगदान


अररिया 01 अप्रैल(हि.स.)। फारबिसगंज तेरापंथ भवन में 32 सालों से श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी समाज के द्वारा जय तुलसी होमियो सेवा केंद्र चलाया जा रहा है। इस सेवा केंद्र की स्थापना 32 वर्ष पूर्व तेरापंथ धर्म संघ के नवमें आचार्य, आचार्य श्री तुलसी के नाम पर की गई थी।इस सेवा केंद्र में मरीजों को चिकित्सक के द्वारा परामर्श एवं दवाईयों की पूर्ति निःशुल्क की जाती है। 32 साल पहले फारबिसगंज के जाने-माने होम्योपैथी के चिकित्सक डॉ डी.एल. दास ने इसमें योगदान दिया था और सेवा भाव के तहत सेवा केंद्र का भार संभाला था।बुधवार को उनकी पुत्र वधू डॉ कुमारी पूजा ने योगदान करते हुए अपनी सेवाएं देनी शुरू की।

मौके पर डॉ डी.एल. दास ने डॉ कुमारी पूजा को बधाई देते हुए कहा कि आज उन्हें बहुत खुशी है कि 32 साल पूर्व जो पद का भार संभाला था और आज उनकी पुत्रवधू ने यह कार्यभार संभाला है। एक डॉक्टर का कर्तव्य मरीजों के रोगों का इलाज करना नहीं बल्कि उनकी मनःस्थिति तक भी पहुंचना है। वरिष्ठ श्राविका और उपासिका प्रभा देवी सेठिया ने मंगल पाठ सुनाकर डॉ कुमारी पूजा को बधाई दी। सभाध्यक्ष महेंद्र बैद के द्वारा दोनों चिकित्सकों को प्रतीक चिन्ह एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।

महिला मंडल की अध्यक्षा समता दुगड़ ने बतलाया कि इस होम्यो सेवा केंद्र के अलावा तेरापंथ भवन में फिजियोथेरेपी सेंटर भी चलाया जाता है। जिसकी सेवाएं भी काफी न्यूनतम दर पर मरीजों को उपलब्ध होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर