home page

भागलपुर के सरकारी अस्पतालों में अब निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा, सिविल सर्जन ने की लाभ उठाने की अपील

 | 
भागलपुर के सरकारी अस्पतालों में अब निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा, सिविल सर्जन ने की लाभ उठाने की अपील


भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले के आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के लिए निःशुल्क इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है।

यह सुविधा जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है, जहां डॉक्टरों की सलाह पर मरीजों की मुफ्त जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से सबसे ज्यादा लाभ उन गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिलेगा जो निजी पैथोलॉजी सेंटरों का भारी खर्च उठाने में असमर्थ थे।

निजी केंद्रों पर होने वाले खर्च से राहत मिलने के साथ ही अब मरीजों को सरकारी अस्पतालों में ही आवश्यक जांच और डॉक्टर से उचित चिकित्सकीय परामर्श एक ही छत के नीचे मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि ईसीजी हृदय की विद्युत गतिविधियों को रिकॉर्ड करने वाली एक बेहद महत्वपूर्ण जांच है।

स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे दिल से जुड़े लक्षणों को कतई नजरअंदाज न करें। यदि किसी व्यक्ति को सीने में दर्द या भारीपन महसूस हो, सांस फूलने की समस्या हो, दिल की धड़कन तेज या अनियमित हो और अचानक चक्कर आना या कमजोरी महसूस हो तो ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाकर डॉक्टर की सलाह लें।

चिकित्सक आवश्यकतानुसार मुफ्त ईसीजी जांच की सलाह दे सकते हैं, जिससे हृदय की धड़कन और उसकी विद्युत गतिविधि से जुड़ी असामान्यताओं की समय पर पहचान की जा सकेगी। मामले की जानकारी देते हुए भागलपुर के सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जिला स्वास्थ्य समिति) ने कहा कि इस निःशुल्क जांच सुविधा का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी होने पर वे बिना देरी किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाएं और सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं। फिलहाल जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल से लेकर अनुमंडलीय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत और सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि इलाज और जांच की सुविधाएं आम जनता के और करीब पहुंच सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर