सरकारी नौकरी के नाम पर एक लाख की ठगी का आरोप, गोरहट्टा चौक पर हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आरोपी पुलिस हिरासत में
भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने का एक और गंभीर मामला भागलपुर में सामने आया है।
कजरैली के रहने वाले एक युवक ने किशोर कुमार नामक व्यक्ति पर सरकारी नौकरी का झांसा देकर एक लाख ऐंठने का आरोप लगाया है। पैसे लेने के बाद आरोपी ने पीड़ित से दूरी बना ली थी, लेकिन सोमवार को गोरहट्टा चौक पर दोनों का आमना-सामना होने के बाद जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पीड़ित युवक, जो कजरैली का निवासी है, का आरोप है कि किशोर कुमार ने उसे एक सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का पूरा भरोसा दिया था। इसके एवज में उससे एक लाख की मांग की गई थी। नौकरी पाने की उम्मीद में पीड़ित ने आरोपी को मांगी गई रकम दे दी। आरोप के मुताबिक, पैसे हाथ में आते ही किशोर कुमार के तेवर बदल गए। उसने पीड़ित का फोन उठाना बंद कर दिया और उससे पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कोई संपर्क नहीं हुआ, तो पीड़ित ठगी का अहसास होने पर परेशान रहने लगा।
सोमवार को शहर के व्यस्त गोरहट्टा चौक पर दोनों युवकों का अचानक आमना-सामना हो गया। आरोपी को देखते ही पीड़ित युवक ने उसे दबोच लिया और अपनी रकम वापस मांगने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बीच सड़क पर काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामले की गंभीरता और हंगामे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और अपने साथ थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल पूरे मामले की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि वास्तव में लेनदेन कितने का हुआ था, नौकरी दिलाने का वादा किस आधार पर किया गया था और इन आरोपों में कितनी सच्चाई है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों से सावधान रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

