home page

चार नाबालिग लड़कियां लापता, रेलवे स्टेशन से कोलकाता जाने की आशंका

 | 
चार नाबालिग लड़कियां लापता, रेलवे स्टेशन से कोलकाता जाने की आशंका


किशनगंज, 26 मई (हि.स.)। बिहार के किशनगंज शहर से चार नाबालिग लड़कियों के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने सदर थाना में आवेदन देकर लड़कियों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, चारों नाबालिग लड़कियां सोमवार सुबह घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि वे किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां से किसी ट्रेन से आगे चली गईं। आशंका जताई जा रही है कि लड़कियों ने कोलकाता जाने के लिए टिकट लिया था।

शहर के एक व्यक्ति ने सदर थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी 13 वर्षीय भांजी, जो उनके घर रहकर पढ़ाई करती थी, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मदरसा जाने की बात कहकर निकली थी। उसके साथ तीन अन्य नाबालिग लड़कियां भी थीं, जिनकी उम्र करीब 12, 13 और 14 वर्ष बताई जा रही है। बताया गया कि एक 10 वर्षीय बच्ची भी उनके साथ गई थी, लेकिन उसे किशनगंज रेलवे स्टेशन से वापस भेज दिया गया।

चारों लड़कियां ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन पहुंचीं और टिकट काउंटर से कोलकाता जाने का टिकट लिया। जब सुबह करीब 9 बजे तक लड़कियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

मामले की सूचना तत्काल आरपीएफ और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को भी दी गई। मंगलवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि लड़कियों की बरामदगी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले के सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। रेलवे पुलिस समेत आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर लड़कियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह