एसएसबी ने पथरदेवा के पास 117 लीटर तस्करी का शराब किया जब्त
अररिया 27 नवम्बर(हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी की रोकथाम के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी पथरदेवा के जवानों ने शुक्रवार अहले सुबह 117 लीटर शराब बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार,सुबह करीबन सवा पांच बजे एसएसबी को सूचना प्राप्त हुई कि भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 186/01 के समीप से नेपाल की ओर से संदिग्ध सामग्री की तस्करी की जा रही है।सूचना के आधार पर सीमा चौकी पथरदेवा से विशेष नाका दल का गठन कर सीमा क्षेत्र में निगरानी एवं नाकाबंदी की गई।
इस दौरान सीमा स्तंभ संख्या 186/01 से लगभग पांच सौ मीटर भारतीय क्षेत्र में जिमराही के निकट पुआल के पास कुछ बोरियां संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।नाका दल द्वारा बोरियों की विधिवत तलाशी लेने पर उनमें से कुल 117 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई ।
बरामद शराब के संबंध में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जब्त की गई शराब को आवश्यक कार्यवाही के बाद उत्पाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

