पश्चिम बंगाल से टोटो में लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार
कटिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला मद्य निषेध टीम और पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक स्थान पर लावारिस हालत में शराब जब्त की गई है। इस बड़ी कार्रवाई से जिले के शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
सबसे बड़ी बरामदगी प्राणपुर थाना क्षेत्र के बुद्धनगर रोड पर हुई। मद्य निषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक ई-रिक्शा (टोटो) में अवैध शराब छिपाकर लाई जा रही है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन का पीछा कर उसे धर दबोचा। जांच के दौरान टोटो से कुल 148.980 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें 106.500 लीटर बीयर और 42.980 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इस मामले में नगर थाना क्षेत्र के चौधरी टोला हुसैनाबाद निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले, नगर थाना क्षेत्र के दौलतराम चौक के पास मद्य निषेध टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय पंसारी को 2 बोतल (प्रत्येक 0.750 लीटर क्षमता) विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, तीसरी घटना में कटिहार जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 स्थित वीआईपी गेट के पास से 12.750 लीटर विदेशी शराब लावारिस हालत में जब्त की गई।
प्रशासन द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की छापेमारी लगातार जारी है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

