home page

750 लीटर विदेशी शराब से लदे डीसीएम ट्रक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
750 लीटर विदेशी शराब से लदे डीसीएम ट्रक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


अररिया 13 नवम्बर(हि.स.)।

मद्य निषेध विभाग की टीम ने शुक्रवार अहले सुबह गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए डीसीएम ट्रक पर लदे विदेशी शराब की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि मद्य निषेध विभाग टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज से पूर्णिया होते हुये कुर्सेला की तरफ फोर लेन सड़क से शराब से लदा ट्रक जाने वाली है। सूचना के आधार पर निरीक्षक मद्य निषेध-सह-थानाध्यक्ष द्वारा एसआई प्रीति कुमारी के नेतृत्व में एक मद्य निषेध टीम का गठन किया गया। दल में एसआई शिवज्ञान कुमार,एएसआई सोनालाल, एवं मद्य निषेध सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।

गठित टीम द्वारा किशनगंज से पूर्णिया की ओर जाने वाली फोर लेन सड़क में गैयारी के पास पहुंच कर वाहन का जांच प्रारंभ किया। जांच के क्रम में जांच दल को देखकर एक डीसीएम छह पहिया वाहन ट्रक को वाहन चालक घुमाने का प्रयास किया परन्तु गश्ती दल द्वारा घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। वाहन को रोकने के बाद चालक और सह चालक को अभिरक्षा में लिया गया।

गिरफ्तार चालक भागलपुर जिला के रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी वार्ड संख्या 8 निवासी विष्णु कुमार यादव पिता स्व. पप्पू यादव और सहचालक रोहित कुमार पिता सुनील सिंह है।

वाहन की तलाशी के क्रम में मद्य निषेध विभाग की टीम ने अलग अलग ब्रांड के कुल 750.600 लीटर विदेशी शराब बरामद किया।बरामद शराब पर सेल ओनली इन सिक्किम अंकित है।मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत वाहन स्वामी एवं वाहन चालक एवं अन्य के विरूद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर