फारबिसगंज थाना का एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों की हुई समीक्षा
अररिया 30 मार्च(हि.स.)। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा ने सोमवार को फारबिसगंज थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में दर्ज लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने थाना के विभिन्न अभिलेखों, कांड रजिस्टर, मालखाना तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की बात कही।
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी शिकायत का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करें।
इस मौके पर थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, एसआई अमित राज,रंजन सिंह, अवधेश सिंह,प्रभा कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान सभी को अपने-अपने कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने और लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

