home page

प्रभारी मंत्री बुलो मंडल की समीक्षा बैठक में शिक्षा, बाढ़ और नल-जल योजना पर फोकस

 | 
प्रभारी मंत्री बुलो मंडल की समीक्षा बैठक में शिक्षा, बाढ़ और नल-जल योजना पर फोकस


किशनगंज, 20 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री सह किशनगंज प्रभारी शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला परिषद स्थित मेची सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शिक्षा, आपूर्ति, श्रम संसाधन, पंचायत राज, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा, नगर विकास, आपदा प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण, पीएचईडी, आरसीडी और आरडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालय निर्माण, भवनहीन विद्यालय, मदरसा जांच, प्रवासी मजदूर सहायता, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं, पशु चिकित्सा व्यवस्था एवं ग्रामीण सड़क निर्माण जैसे जनहित से जुड़े कई मुद्दे उठाए। विधायकों ने विद्यालय निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत करते हुए संबंधित संवेदकों और दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही स्कूलों में साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर बल दिया गया।

बैठक में कुछ मदरसों द्वारा अन्य संस्थानों के फोटो लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की शिकायत भी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी विशाल राज ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सभी संबंधित मदरसों की जांच कराने का निर्देश दिया। भवनहीन विद्यालयों एवं कम छात्र संख्या वाले स्कूलों की समस्या पर भी चर्चा हुई। प्रवासी मजदूरों के दुर्घटना मामलों में अधिक सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। ठाकुरगंज क्षेत्र में पशु अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।

डीएम विशाल राज ने बताया कि श्रम संसाधन विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सिंघिमारी क्षेत्र में जिला स्तरीय टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा तथा बाढ़ प्रभावित लोगों की नई सूची तैयार की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने भूमिहीन और भवनहीन विद्यालयों की सूची तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। हर घर नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कई जगह पानी आपूर्ति बाधित होने और मोटर चालकों को मानदेय नहीं मिलने की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बाल श्रम रोकने, सरकारी विद्यालयों में गुणवत्ता सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और बाढ़ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह