विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पर तीसरी सोमवारी को हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
सारण, 17 अगस्त (हि.स.)। सोनपुर श्रावण मास के तीसरी सोमवारी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में एक अद्भुत और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। राज्य सरकार की विशेष पहल पर मंदिर परिसर में जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से लगभग तीन मिनट तक सुगंधित पुष्पों की बारिश की गई।
प्रबंध समिति के सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ लल्ला ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार द्वारा सनातन परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था को दिया गया यह सम्मान बेहद सराहनीय है।श्रावण महीने में इस तरह का आयोजन देखकर श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया।
बाबा हरिहरनाथ मंदिर देश का एकमात्र ऐसा पावन धाम है, जिसके गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग में भगवान विष्णु जिन्हें हरि और भगवान शिव जिन्हें हर कहा जाता है दोनों एक साथ विराजमान हैं। यह धाम वैष्णव और शैव संप्रदाय के अद्भुत समन्वय का प्रतीक है। आकाश से हुई इस अभूतपूर्व पुष्प वर्षा से बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह एवं स्थानीय आम जनता ने इस सनातन सम्मान के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

