home page

पांच नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का शुभारंभ

 | 
पांच नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का शुभारंभ


अररिया 15 जुलाई(हि.स.)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा भागलपुर जिले के गोराडीह स्थित नवस्थापित डिग्री कॉलेज कासिल परिसर से राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इसी क्रम में अररिया जिले के पांच प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।

जिले में जिन महाविद्यालयों में पठन-पाठन शुरू हुआ, उनमें राजकीय डिग्री महाविद्यालय जोकीहाट, राजकीय डिग्री महाविद्यालय पलासी, राजकीय डिग्री महाविद्यालय भरगामा, राजकीय डिग्री महाविद्यालय सिकटी तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय नरपतगंज शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोकीहाट प्रखंड स्थित प्लस टू उमानाथ उच्च विद्यालय, उदाहाट में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी विनोद दूहन, जोकीहाट विधायक मोहम्मद मुर्शीद आलम, नामांकित छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और नए महाविद्यालयों के शुभारंभ का स्वागत किया।

जिले के अन्य संबंधित प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पदाधिकारी द्वारा नामित पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर नव नामांकित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर