home page

‘आयो लाल झूलेलाल’ के जयघोष से गूंजा शहर, भव्य शोभायात्रा के साथ महोत्सव संपन्न

 | 
‘आयो लाल झूलेलाल’ के जयघोष से गूंजा शहर, भव्य शोभायात्रा के साथ महोत्सव संपन्न


दरभंगा, 25 अगस्त (हि.स.)। पूज्य सिंधी पंचायत, दरभंगा के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय श्री झूलेलाल महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर भगवान झूलेलाल की भव्य संगीतमय शोभायात्रा निकाली गई। ‘आयो लाल झूलेलाल’ के जयघोष से सिंधी मोहल्ला सहित शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

समापन से पहले सुबह पूज्य झूलेलाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। वहीं शाम को कटहलबाड़ी स्थित भंडार चौक मंदिर से बहराणा साहिब की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, आठ सदस्यीय बैंड तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं भजनों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे।

सिंधी पंचायत के मुखिया जगत लाल जुमनानी ने सिर पर बहराणा साहिब धारण कर शोभायात्रा का नेतृत्व किया। शोभायात्रा में महाकालेश्वर, शिव तांडव, मां काली तथा राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए पूजा-अर्चना की।

कटहलबाड़ी, सिंधी मोहल्ला, आयकर चौराहा, बेला एवं कैदराबाद होते हुए शोभायात्रा देर शाम मब्बी पहुंची। यहां विधिवत पूजा एवं आरती के बाद बागमती नदी में भगवान झूलेलाल की प्रतिमा, बहराणा साहिब, कलश एवं अन्य पूजन सामग्री का विसर्जन किया गया। इस दौरान महिला मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra