ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, छह मोबाइल और नकद बरामद
भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर' अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मंसर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 8.44 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंसर गांव में बादल यादव के बगीचे में बनी एक झोपड़ी में अवैध मादक पदार्थ को छिपाकर रखा गया है, जहां से इसकी खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। मौके से मुख्य आरोपी बादल यादव समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सिटी एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8.44 ग्राम ब्राउन शुगर, छह मोबाइल फोन, 8,330 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह ब्राउन शुगर कहां से लाई जा रही थी और इस अवैध धंधे के नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

