home page

मछली हाट में गंदगी का अंबार, दुर्गंध से लोग परेशान; नगर परिषद ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

 | 
मछली हाट में गंदगी का अंबार, दुर्गंध से लोग परेशान; नगर परिषद ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा


सुपौल, 02 जुलाई (हि.स.)।

जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत मेला ग्राउंड स्थित मुख्य मछली हाट में इन दिनों साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।

हाट परिसर और उसके आसपास दुकानदारों द्वारा मांस, मछली और मुर्गे के अवशेष खुले में फेंके जाने से पूरा इलाका गंदगी के ढेर में तब्दील हो गया है। उचित डंपिंग यार्ड की व्यवस्था नहीं होने से उठने वाली असहनीय दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मछली हाट के ठीक बगल से होकर मचहा-कुशहा को जोड़ने वाली मुख्य पक्की सड़क गुजरती है, जो सीधे मधेपुरा जिले की सीमा तक जाती है।

इस अंतरजिला मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग और वाहन चालक गुजरते हैं, लेकिन सड़ांध और गंदगी के कारण उन्हें नाक बंद कर सफर करना पड़ रहा है।मछली हाट से कुछ ही दूरी पर स्थित अनुग्रहनारायण सिंह अनुपलाल (एएल) महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भी इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

रोजाना सैकड़ों विद्यार्थी और शिक्षक इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण खुले में फेंके गए मांस और अन्य जैविक अवशेष कुछ ही घंटों में सड़ जाते हैं। इससे इलाके में मक्खियों और आवारा पशुओं का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।हाट में आने वाले लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से न तो बड़े सामुदायिक डस्टबिन उपलब्ध कराए गए हैं और न ही समय पर कचरा उठाने वाली गाड़ियां पहुंचती हैं। खुले में पशु वध किए जाने और उनके खून व अपशिष्टों को नालियों में बहाए जाने से स्थिति और भी बदतर हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों से हाट परिसर में ब्लीचिंग पाउडर या एंटी-बैक्टीरियल दवाओं का छिड़काव भी नहीं किया गया है।

बढ़ते जन-आक्रोश के बीच स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से मछली एवं मवेशी हाट की प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष सफाई, जैविक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, नियमित रूप से एंटी-लार्वा लिक्विड और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा खुले में मांस काटने वाले दुकानदारों के लिए ढके हुए केबिन की अनिवार्यता लागू करने की मांग की है।इस संबंध में त्रिवेणीगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राज साहिल ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।

हालांकि, समाचार के माध्यम से मामला सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि सिटी मैनेजर और मुख्य स्वच्छता पदाधिकारी को तत्काल मछली हाट का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। हाट परिसर की विशेष सफाई कराई जाएगी और लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र