जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू, डीएम ने किया मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण
कटिहार, 02 मई (हि.स.)। भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में शनिवार से मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य शुरू हो गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने भेड़िया रहिका पहुंचकर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया और प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि 2 मई से 4 मई तक प्रगणक अपने क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग और नजरी नक्शा तैयार करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान गणना से न छूटे और न ही दो बार गिना जाए।
जिलाधिकारी के अनुसार 5 मई से 31 मई तक प्रगणक प्रत्येक घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से 33 प्रश्नों की प्रश्नावली भरेंगे। इसमें मकान में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली जाएगी। स्वगणना करने वाले लोगों की आईडी लेकर प्रविष्टियों की पुष्टि भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मकान सूची से संबंधित किसी भी समस्या का समय पर समाधान किया जाए। साथ ही प्रगणक एवं सुपरवाइजर को तय समय से पहले कार्य पूरा करने को कहा।
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने जिलेवासियों से अपील की कि इस राष्ट्रव्यापी कार्य में प्रगणकों को पूर्ण सहयोग दें और प्रश्नावली की सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना की शुद्धता राष्ट्रहित एवं लोकहित की नीति-निर्धारण में उपयोगी होगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रगणक, सुपरवाइजर मौजूद रहे। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

