कोचाधामन में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का प्रथम दीक्षारंभ समारोह आयोजित
किशनगंज, 15 जुलाई (हि.स.)।कोचाधामन प्रखंड के प्लस टू हाई स्कूल धनपुरा परिसर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में बुधवार को प्रथम दीक्षारंभ समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक सरवर आलम, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सजल प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के एक साथ उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से महाविद्यालयों का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक प्रखंड तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़े।उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा का विस्तार राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरवर आलम ने कहा कि कोचाधामन में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात है। अब छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है तथा यह महाविद्यालय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। विधायक ने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) सजल प्रसाद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
समारोह के अंत में छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

