home page

डीएम और एसपी ने किया अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

 | 
डीएम और एसपी ने किया अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ


अररिया, 14 अप्रैल(हि.स.)। जिले में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाए जाने वाले अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ मंगलवार को डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत फ्लैग पिन लगाकर की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को सप्ताह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1944 में अग्निकांड के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैकड़ों अग्निकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया गया तथा कृतज्ञता ज्ञापित की गई।

इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेंद्र कुमार ने कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सप्ताह के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि इसका व्यापक प्रभाव समाज में दिखाई दे।

प्रमंडलीय समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार प्रसाद ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है। इसी क्रम में बिहार अग्निशमन सेवा, जिला इकाई अररिया द्वारा भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के दौरान कार्यक्रमों को विधिवत आयोजित करते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित हो सके और लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर