home page

मोबाइल टावर पर चढ़ने के मामले में खैरा थाने में प्राथमिकी दर्ज

 | 

सारण, 04 जून (हि.स.)। खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर में एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़कर उसे क्षति पहुँचाने और संचार सेवाओं को बाधित करने का मामला सामने आया है। तीन जून को हुई इस घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और तकनीकी एजेंसियों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की। लगभग चार से पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार युवती किसी के बहकावे में आकर इस प्रतिबंधित और बेहद संवेदनशील क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। इस दुस्साहस से न केवल मोबाइल टावर की संरचना और संचार सेवाओं के ठप होने का खतरा पैदा हो गया था, बल्कि कंपनी को भारी आर्थिक क्षति और आम नागरिकों को असुविधा हो सकती थी। सबसे बढ़कर, युवती की जान पर भी बड़ा जोखिम मंडरा रहा था। इस मामले में पुलिस ने खैरा थाना में कांड दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नागरिक किसी भी परिस्थिति में मोबाइल टावर, विद्युत प्रतिष्ठान या रेलवे जैसी सार्वजनिक संपत्ति पर न चढ़ें। अफवाहों या उकसावे में आकर कानून हाथ में लेने के बजाय शांतिपूर्ण मार्ग अपनाएं।

पुलिस ने कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति ऐसी संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त दिखे, तो तुरंत स्थानीय थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036407 पर सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार